हल्दूचौड़। क्षेत्र में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर ग्राम प्रधान रुक्मणी नेगी ने पहल की है। ग्राफिक एरा कॉलेज, बेरीपड़ाव और एवरग्रीन स्कूल, हल्दूचौड़ के आसपास हाईवे पर रोजाना बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का आवागमन होता है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण यहां हादसे की आशंका को देखते हुए ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी नैनीताल से मुलाकात कर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कराने की मांग की।
ग्राम प्रधान ने जिलाधिकारी को बताया कि सुबह और दोपहर के समय स्कूल-कॉलेज के आसपास विद्यार्थियों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में हाईवे पर तेज गति से गुजरने वाले वाहनों से छात्रों की सुरक्षा को खतरा बना रहता है। उन्होंने शिक्षण संस्थानों से करीब 100 से 200 मीटर पहले और बाद में बड़े आकार के स्पीड लिमिट और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की।
इसके अलावा वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक कैलमिंग उपाय, विद्यार्थियों के सुरक्षित सड़क पार करने के लिए जेब्रा क्रॉसिंग, सर्विस लेन अथवा सुरक्षित पैदल पार मार्ग बनाने और तेज रफ्तार वाहनों की निगरानी के लिए स्पीड मॉनिटरिंग एवं एनफोर्समेंट कैमरे लगाने का सुझाव दिया।
ग्राम प्रधान ने जरूरत के अनुसार फ्लैशिंग वार्निंग लाइट, रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड समेत अन्य सड़क सुरक्षा संकेतक लगाने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है और किसी संभावित हादसे को रोकने के लिए समय रहते जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए।
जिलाधिकारी नैनीताल ने छात्र सुरक्षा से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई और उचित समाधान का आश्वासन दिया। ग्राम प्रधान की इस पहल को क्षेत्र में छात्र सुरक्षा की दिशा में सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
