हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के एक छात्र के साथ रैगिंग और मारपीट की शिकायत सामने आई है। छात्र के पिता की ओर से शिकायत मिलने के बाद कॉलेज प्रबंधन ने एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक बुलाकर मामले की जांच की। प्रारंभिक जांच में छात्र के साथ रैगिंग या मारपीट किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। अब कॉलेज प्रबंधन ने शिकायतकर्ता पिता को पत्र भेजकर कॉलेज बुलाया है।
30 से अधिक छात्रों से की गई पूछताछ
कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात वार्षिकोत्सव ‘क्रिसेंडो’ की तैयारियों को लेकर छात्रों की एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया। इसी दौरान एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने तृतीय वर्ष के छात्रों पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। घटना के बाद संबंधित छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से अगले दिन उसे छुट्टी दे दी गई।
इस मामले में 20 अक्टूबर को छात्र के पिता ने ईमेल के माध्यम से कॉलेज प्रबंधन को शिकायत भेजी। उन्होंने अपने बेटे के साथ रैगिंग किए जाने का आरोप लगाया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कॉलेज प्रबंधन ने बुधवार को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक बुलाकर मामले की जांच की।
जांच के दौरान घटना के समय मौजूद 30 से अधिक मेडिकल छात्रों से अलग-अलग पूछताछ की गई। कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, पूछताछ में किसी भी छात्र ने मारपीट होने की पुष्टि नहीं की। वहीं, कुछ छात्रों ने बताया कि शिकायतकर्ता छात्र ने नवरात्र के दौरान व्रत रखा था और बैठक के दौरान वह बेहोश हो गया था।
इन बयानों के आधार पर एंटी रैगिंग कमेटी की प्रारंभिक जांच में रैगिंग और मारपीट के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, मामले में आगे की कार्रवाई के लिए कॉलेज प्रबंधन शिकायतकर्ता पिता से संपर्क कर रहा है। उन्हें पत्र भेजकर कॉलेज बुलाया गया है। उनके आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
प्राचार्य का बयान
“एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र से रैगिंग के मामले में एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच की है। प्रारंभिक जांच में शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है। अब शिकायतकर्ता पिता को कॉलेज बुलाने के लिए पत्र भेजा गया है। उनके आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
— डॉ. अजय आर्य, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
