देहरादून। महंगाई के बीच आम लोगों को राहत देने के लिए नाफेड की ओर से नासिक से प्याज की पहली खेप देहरादून पहुंचा दी गई है। सोमवार से शहर में नाफेड के आउटलेट और मोबाइल वैन के माध्यम से प्याज की बिक्री शुरू कर दी गई। सस्ती दर पर प्याज मिलने की खबर फैलते ही विभिन्न स्थानों पर ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी। हालांकि, बीच-बीच में हुई बारिश के कारण प्याज की बिक्री प्रभावित भी हुई।
नेशनल एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव मार्केटिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (नाफेड) के राज्य प्रमुख अनिमेष शुक्ला ने बताया कि शहर की विभिन्न कॉलोनियों, चौक-चौराहों और अन्य प्रमुख स्थानों पर मोबाइल वैन के माध्यम से प्याज का वितरण शुरू किया गया है। पहले दिन करीब 800 किलोग्राम प्याज की बिक्री हुई।
उन्होंने बताया कि आमजन को राहत देने के उद्देश्य से प्याज 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से उपलब्ध कराई जा रही है। प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम पांच किलोग्राम प्याज देने की सीमा निर्धारित की गई है। नाफेड की ओर से लगातार आउटलेट और मोबाइल वैन के माध्यम से प्याज की बिक्री की जाएगी। उन्होंने बताया कि नासिक से प्याज की दूसरी खेप भी जल्द देहरादून पहुंचने वाली है।
तीन आउटलेट और मोबाइल वैन के जरिए होगी बिक्री
अनिमेष शुक्ला के मुताबिक, नाफेड के शिमला बाईपास रोड, एफआरआई और मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी के सामने बने आउटलेट से प्याज की बिक्री की जाएगी। इसके अलावा मोबाइल वैन के जरिए दून शहर की विभिन्न कॉलोनियों, चौक-चौराहों और अन्य स्थानों पर प्याज उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि 30 टन प्याज की एक खेप देहरादून पहुंची है, जिसमें से 15 टन प्याज हरिद्वार में वितरण के लिए भेजी गई है। शेष प्याज का वितरण देहरादून में किया जा रहा है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
