चिन्यालीसौड़। नगर पालिका चिन्यालीसौड़ के अध्यक्ष मनोज कोहली बुधवार सुबह वर्षा के बीच आठ बजे टिहरी बांध झील के ऊपर बने आर्क ब्रिज पर चढ़ गए हैं। उन्होंने बीते चार दिनों तक चले सभासदों के धरने को षडयंत्र बताया।
वहीं चिन्यालीसौड़ पालिकाध्यक्ष के आर्क ब्रिज के ऊपर चढ़ने के बाद पालिका सभासद सिद्धार्थ नाैटियाल भी राजकीय महाविद्यालय की छत के ऊपर चढ़े। उन्होंने पालिकाध्यक्ष पर प्रेशर पालिटिक्स खेलने का आरोप लगाया।
डीएम के मनाने पर भी नहीं माने पालिकाध्यक्ष
डीएम के मौके पर पहुंचने की मांग पर अड़े पालिकाध्यक्ष मनोज कोहली से डीएम प्रशांत आर्य ने फोन पर पुलिस के लाउड हेलर के जरिये से बातचीत की, जिसमें डीएम ने पालिकाध्यक्ष को मामले की वीडियोग्राफी के साथ निष्पक्ष जांच करने और जांच पूरी न होने तक अधिशासी अधिकारी बीरेंद्र पंवार को रिलीव नहीं करने का आश्वासन दिया, लेकिन डीएम के आश्वासन के बाद भी पालिकाध्यक्ष पुल से नहीं उतरे हैं। पिछले छह घंटे से लगातार हो रही वर्षा के बीच पुल के ऊपर बने हुए हैं। वहीं, पुल के नीचे धरासू व उत्तरकाशी कोतवाली पुलिस सहित स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी हुई है।
आर्क ब्रिज पर चढ़े पालिकाध्यक्ष मनोज कोहली ने इंटरनेट मीडिया में लाइव आते हुए कहा कि सभासदों का धरना राजनीति से प्रेरित व प्रायोजित था, सभासदों ने उनके ऊपर अनदेखी सहित भ्रष्टाचार का आरोप लगाया, जो कि निराधार है। कहा कि कैबिनेट मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा के दौरे के दौरान पोस्टर लगाने को लेकर भी बेवजह मामले को तूल दिया गया। जबकि उन्होंने सभी को नियमानुसार तय होर्डिंग्स पर ही पोस्टर व बैनर लगाने की अनुमति दी थी।
अपने खिलाफ दिए गए जांच के आदेश पर पालिकाध्यक्ष कोहली ने कहा कि वह हर तरह की जांच के लिए तैयार हैं। लेकिन उनके विरुद्ध दुष्प्रचार नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने पुल से ही जिलाधिकारी से उनके द्वारा तैयार जांच समिति के साथ मौके पर पहुंचने को कहा।
ईओ के स्थानांतरण व लज्जित करने पर भी रोष
कहा कि सभासदों ने उनके ईओ के साथ ही जबर्दस्ती की। उन्होंने ईओ के स्थानांतरण व लज्जित करने पर भी रोष जताया। कहा कि बिना जांच ईओ के स्थानांतरण की बात नहीं उठनी चाहिए थी। कहा कि वह अपना उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे, जो भी जांच है वह मौके पर ही करें। अन्यथा वह पुल पर निवस्त्र होकर जायेंगे और अंत में कूद जायेंगे।
बता दें कि बीते दिनों चिन्यालीसौड़ में सभासद व पालिकाध्यक्ष आमने-सामने आ गए थे, सभासदों ने अपनी अनदेखी सहित पालिकाध्यक्ष पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया था, जो कि धरने के चौथे दिन गत मंगलवार को जिले के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा के हस्तक्षेप से धरना समाप्त हुआ, जिसमें मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं। बताया जा रहा है कि इसी जांच के आदेश से गुस्साए पालिकाध्यक्ष मनोज कोहली आर्क ब्रिज पर चढ़े हैं।
एसडीएम के मनाने पर भी नहीं माने
पालिकाध्यक्ष मनोज कोहली के पुल के ऊपर चढ़ने की सूचना पर उप जिलाधिकारी देवानंद शर्मा ने मौके पर पहुंचकर उनसे पुल से नीचे उतरकर वार्ता करने को कहा। लेकिन वह नीचे आने को तैयार नहीं हुए। घटना की जानकारी के बाद पुल के नीचे वर्षा के बीच ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी हुई है। वहीं, पिछले करीब साढ़े चार घंटे से पालिकाध्यक्ष पुल के ऊपर बने हुए हैं।
सभासद महाविद्यालय की छत पर चढ़े
चिन्यालीसौड़ पालिकाध्यक्ष के आर्क ब्रिज के ऊपर चढ़ने के बाद पालिका सभासद सिद्धार्थ नाैटियाल भी राजकीय महाविद्यालय की छत के ऊपर चढ़े। उन्होंने पालिकाध्यक्ष पर प्रेशर पालिटिक्स खेलने का आरोप लगाया। इंटरेनट मीडिया में लाइव आकर सभासद ने कहा कि सभासद संघ के धरने के बाद जब अधिशासी अधिकारी बीरेंद्र पंवार को निदेशालय संबद्ध किया गया और पालिकाध्यक्ष की जांच के आदेश दिए गए तो पालिकाध्यक्ष अब प्रेशर पालिटिक्स खेलने के लिए पुल पर चढ़ गए हैं।
कहा कि उत्तराखंड में प्रेशर पालिटिक्स नहीं चलेगी, यहां चलेगा तो सुशासन चलेगा। सभासद ने कहा कि यदि जिला प्रशासन पालिकाध्यक्ष के आगे झुका तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि पालिकाध्यक्ष के पुल पर चढ़ने से आक्रोशित सभासद सिद्धार्थ दो घंटे बाद अन्य सभासदों व एसडीएम देवानंद शर्मा के समझाने पर महाविद्यालय की छत से उतर चुके हैं।
न्यूज़ सोर्स :- दैनिक जागरण
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
