गोला नदी में मिला अज्ञात युवक का शव, बेरीपड़ाव क्षेत्र में मची सनसनी
लालकुआं। बेरीपड़ाव गोला गेट क्षेत्र में शुक्रवार को गोला नदी से एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर हल्दूचौड़ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को अपराह्न करीब तीन बजे खड़कपुर के ग्राम प्रधान ने सूचना दी कि बैरीपड़ाव गोला गेट स्थित गोला नदी में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करते हुए शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी व्यक्ति मृतक की पहचान नहीं कर सका।
पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष है और उसकी लंबाई लगभग 5 फीट 8 इंच है। उसका रंग सांवला, बाल काले, चेहरा गोल तथा शरीर इकहरा लेकिन मजबूत है। युवक के चेहरे पर हल्की दाढ़ी है। मृतक ने बैंगनी रंग की हाफ बाजू, गोल गले की टी-शर्ट और काले रंग का अंडरवियर पहना हुआ था।
पुलिस ने शव को 108 एंबुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा। शिनाख्त नहीं होने के कारण शव को राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को दिए गए हुलिए के आधार पर मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो अथवा उसके किसी परिचित के लापता होने की सूचना हो, तो तत्काल थाना लालकुआं पुलिस को सूचित करें।
चौकी प्रभारी, हल्दूचौड़: 9012358172
प्रभारी निरीक्षक, थाना लालकुआं: 9027052243

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
