नई दिल्ली। बैंक कर्मचारियों की सोमवार से प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल टल गई है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बीच रविवार रात हुई वार्ता के बाद हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में महीने के सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने की मांग पर उच्चस्तरीय समिति गठित करने पर सहमति बनी। इसके अलावा स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए प्रस्तावित परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना को लेकर यूनियनों की आपत्तियों और सुझावों पर भी बातचीत के जरिए समाधान निकालने पर सहमति बनी।
बैंक कर्मचारी और अधिकारी पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने, पेंशन अपडेशन समेत विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर जाने वाले थे। हड़ताल को देखते हुए ग्राहकों की सुविधा के लिए रविवार को भी सरकारी और सार्वजनिक क्षेत्र के कई बैंक खोले गए।
वार्ता के बाद हड़ताल टलने से बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों दोनों को राहत मिली है। वहीं, शनिवार के अवकाश समेत अन्य लंबित मांगों पर आगे की बातचीत जारी रहेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
