देहरादून: बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है. अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के लिए विभिन्न संगठन रविवार यानि आज दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने जा रहे हैं. अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच ने आम जनमानस से सुबह 10 बजे दिल्ली के जंतर मंतर पर होने जा रहे प्रदर्शन में भाग लेने की अपील की है. मंच की सदस्य कमला पंत ने बताया कि साल 2022 में उत्तराखंड की 19 वर्षीय बेटी अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड में शामिल भाजपा के नेता के बेटे और उसके साथियों को आजीवन कारावास की सजा हुई है. लेकिन अभी भी इस मामले में कथित वीआईपी को जांच के दायरे में नहीं लाया गया है. जिसकी वजह से अंकिता पर एक्स्ट्रा सर्विस दिए जाने का दबाव बनाया जा रहा था.
उन्होंने कहा कि पिछले दिनों भाजपा के पूर्व विधायक की कथित पत्नी उर्मिला राठौड़ ने एक ऑडियो वार्ता में कथित वीआईपी का नाम भी दोहराया था. कमला पंत का कहना है कि उत्तराखंड की जनता इस हत्याकांड की सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई जांच कराये जाने की मांग उठाते आ रही है. लेकिन सरकार ने इस दिशा में कोई कदम नहीं बढ़ाया. लेकिन जन दबाव में आकर सरकार ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच 3 साल बाद सीबीआई को सौंप दी, लेकिन अभी तक उस वीआईपी पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार उस वीआईपी को बचाने में लगी हुई है. जिससे उत्तराखंड की जनता विशेष रूप से महिलाओं में व्याप्त आक्रोश है.
इसलिए अंकिता को न्याय और वीआईपी की गिरफ्तारी व जांच को लेकर अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच रविवार 26 अप्रैल यानि आज जंतर मंतर दिल्ली पर एक सभा और प्रदर्शन करने जा रहा है. इधर कांग्रेस पार्टी ने इस मामले को लेकर दिल्ली में सत्याग्रह किए जाने का ऐलान किया है. उत्तराखंड कांग्रेस के उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि इस सत्याग्रह में कमला पंत, कांग्रेस के पूर्व सचिव हरिपाल रावत, प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के पूर्व अध्यक्ष उमाकांत लखेड़ा, वंचित आंदोलनकारी समिति के संरक्षक अनिल पंत, अध्यक्ष मनमोहन सिंह, आंदोलनकारी समन्वय समिति के अध्यक्ष देव सिंह समेत कई लोग शामिल होंगे. उसके बाद प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किए जाएंगे. उनका कहना है कि यह प्रदर्शन उत्तराखंडियों के रोष को प्रकट करने के लिए रखा गया है.
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
