लालकुआं में बेलगाम वाहनों पर पुलिस की मेहरबानी का आरोप, नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने खोली व्यवस्था की पोल, किया कलम डाउन का ऐलान, कोतवाल बोले….

खबर शेयर करें 👉

बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों से हादसों का खतरा, विद्युत पोल क्षतिग्रस्त होने के बावजूद कार्रवाई में देरी का आरोप; पुलिस के रवैये से आहत अध्यक्ष ने किया कलम डाउन का ऐलान

लालकुआं। नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष एवं पूर्व सैनिक सुरेंद्र सिंह लोटनी ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर उन्होंने बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों के खुलेआम संचालन, लगातार हो रहे सड़क हादसों और पुलिस की कथित लापरवाही को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर में नियमों को ताक पर रखकर वाहन दौड़ रहे हैं, लेकिन पुलिस विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

अध्यक्ष लोटनी के मुताबिक, कुछ दिन पूर्व एक वाहन ने नगर के डिवाइडर पर लगे विद्युत पोल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया था, जिसके चलते करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। वहीं बुधवार को उन्हें सूचना मिली कि लालकुआं चौराहे से डॉल्बी फील्ड की ओर एक बिना रजिस्ट्रेशन नंबर और दूसरा रजिस्ट्रेशन नंबर वाला ट्रैक्टर-ट्रॉली गुजर रहा है। इसी दौरान एक वाहन ने फिर विद्युत पोल को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और वाहनों को रुकवाकर पुलिस कार्रवाई के लिए कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा को फोन किया।

यह भी पढ़ें 👉  कुमाऊं पुलिस में बड़ा फेरबदल, नैनीताल-ऊधमसिंह नगर समेत छह जिलों में बदले गए 29 निरीक्षक

उन्होंने आरोप लगाया कि घटनास्थल से कोतवाली महज चंद कदम की दूरी पर होने के बावजूद पुलिस करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। इतना ही नहीं, कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उन्हें ही किनारे कर दिया और वाहनों को वहां से रवाना कर दिया। इस रवैये को लेकर उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।

लोटनी ने कहा कि हाईवे पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। इन हादसों में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं और कुछ लोग अपनी जान तक गंवा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नजर नहीं आ रही है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोतवाली के ठीक बगल में स्थित शराब की दुकानों पर भी कथित रूप से ओवररेटिंग की जा रही है, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।

यह भी पढ़ें 👉  देहरादून में पूर्व सैनिक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह लोटनी के नेतृत्व में लालकुआं को राष्ट्रीय सम्मान, अर्बन लर्नाथॉन 2.0 में जीता अवार्ड

नगर पंचायत अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस के आला अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनके फोन नंबर स्विच ऑफ मिले। जिलाधिकारी से भी संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने कोतवाली के आसपास और नगर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब कोतवाली से शहर का दायरा महज एक किलोमीटर के आसपास है, तब भी चोरी की घटनाओं पर अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है? आखिर इन घटनाओं की जिम्मेदारी कौन लेगा और पुलिस इन पर क्या कार्रवाई कर रही है?

पुलिस के इस कथित रवैये से आहत सुरेंद्र सिंह लोटनी ने कलम डाउन करने का निर्णय लिया है और आगे की रणनीति बनाने में जुट गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनता द्वारा चुने गए नगर के प्रथम नागरिक के साथ पुलिस का ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो आम नागरिकों के साथ पुलिस का रवैया कैसा होगा? उन्होंने पूरे मामले में पुलिस प्रशासन से जवाबदेही तय करने और बिना नंबर प्लेट, ओवरलोड वाहनों तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल दुग्ध संघ ने जारी की आंचल उत्पादों की नई रेट लिस्ट ,20 नवंबर से लागू होंगी नई दरें (देखे)

इधर, कोतवाल बोले- सूचना मिलते ही टीम को भेजा, हंगामा बढ़ने पर खुद पहुंचे मौके पर

वहीं पूरे मामले में लालकुआं कोतवाली प्रभारी बृजमोहन सिंह राणा ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष से सूचना मिलने के बाद उन्होंने तत्काल पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया था। हालांकि, मौके पर अधिक हल्ला और विवाद की स्थिति बनने के बाद वह स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए दोनों पक्षों को हटाकर यातायात सुचारु कराने का प्रयास किया गया। इसके बाद पुलिस ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर उसके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी है।

अब बड़ा सवाल यह है कि लालकुआं की सड़कों पर नियमों को चुनौती दे रहे वाहनों पर पुलिस कब पूरी तरह शिकंजा कसेगी? वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष और पुलिस के बयानों में सामने आए विरोधाभास के बीच पुलिस प्रशासन की जवाबदेही कब तय होगी?

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad