अल्मोड़ा। जिले में लगातार हो रही बारिश और 3 सितंबर को भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अंशुल सिंह ने 3 सितंबर 2026 को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जिले में भारी बारिश की संभावना है। लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, त्वरित बाढ़, बोल्डर गिरने, जलभराव और सड़क मार्ग बंद होने जैसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
आदेश के अनुसार 3 सितंबर को अल्मोड़ा जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालय बंद रहेंगे। इसके अलावा सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, सभी महाविद्यालय, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), पॉलीटेक्निक संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और संस्थानों के प्रमुखों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने खराब मौसम को देखते हुए लोगों से भी सतर्क रहने और नदी-नालों व संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com

