लालकुआं रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर अचेत मिला युवक, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर

खबर शेयर करें 👉

लालकुआं। लालकुआं रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बेहोशी की हालत में मिले एक युवक को जीआरपी पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं पहुंचाया। चिकित्सकों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया, जिसके बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से उसे डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी भेजा गया।

यह भी पढ़ें 👉  शांतिपुरी में दर्दनाक हादसा : दोस्तों के साथ गया 11वीं का छात्र गोला नदी के तेज बहाव में बहा (देखे वीडियो)

जीआरपी चौकी प्रभारी सतपाल सिंह पटवाल ने बताया कि कुछ यात्रियों ने सूचना दी थी कि प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही जीआरपी टीम मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के उप निरीक्षक रणवीर सिंह ने बताया कि युवक के पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसे सुरक्षित आरपीएफ चौकी में रखा गया है। मोबाइल लॉक होने के कारण उसके परिजनों से संपर्क नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि बहेड़ी क्षेत्र से एक फोन कॉल जरूर आई थी, लेकिन कॉल करने वाला स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका, जिससे युवक की पहचान और उसके परिजनों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं में मचा हड़कंप : भाजपा नेता के बेटे पर नुकीले हथियार से जानलेवा हमला

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक जहरखुरानी गिरोह का शिकार हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है और युवक की पहचान तथा घटना के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।