हल्द्वानी। शहर में शनिवार से एथेनॉल मुक्त यानी 100 ऑक्टेन पेट्रोल की बिक्री शुरू हो गई है। नैनीताल रोड स्थित गुरु नानक सर्विस स्टेशन पर ग्राहक 169 रुपये प्रति लीटर की दर से यह पेट्रोल खरीद सकेंगे। इसे ‘स्पीड 100’ पेट्रोल के नाम से भी जाना जाता है।
इस पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रित नहीं किया जाता है। इसे विशेष रूप से हाई-परफॉर्मेंस वाहनों, स्पोर्ट्स बाइक और विंटेज कारों के लिए उपयोगी माना जाता है। 100 ऑक्टेन पेट्रोल का ऑक्टेन स्तर अधिक होने के कारण यह ऐसे इंजनों के लिए उपयुक्त होता है, जिनमें उच्च प्रदर्शन की क्षमता होती है।
पर्वतीय पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष वीरेंद्र चड्ढा ने बताया कि गुरु नानक सर्विस स्टेशन हल्द्वानी का पहला पेट्रोल पंप है, जहां ‘स्पीड 100’ पेट्रोल उपलब्ध कराया गया है। शहर में लंबे समय से इस तरह के पेट्रोल की मांग की जा रही थी।
भारत पेट्रोलियम की ओर से हल्द्वानी के बाद काठगोदाम स्थित आरए नरीमन पेट्रोल पंप और रामनगर के कॉर्बेट पार्क फिलिंग स्टेशन पर भी एथेनॉल मुक्त पेट्रोल उपलब्ध कराने की योजना है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
