लालकुआं। नगर पंचायत लालकुआं क्षेत्र के 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके महिला एवं पुरुष नागरिकों के लिए वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत आवेदन मांगे गए हैं। पात्र बुजुर्ग अपने आवेदन और आवश्यक दस्तावेज नगर पंचायत लालकुआं के कार्यालय में जमा करा सकते हैं।
नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने बताया कि पात्र आवेदकों को अध्यक्ष, नगर पंचायत लालकुआं के नाम प्रार्थना पत्र देना होगा। आवेदन में आवेदक का व्यक्तिगत मोबाइल नंबर भी दर्ज होना चाहिए। इसके साथ निम्न दस्तावेज जमा करने होंगे—
- तहसीलदार द्वारा निर्गत आय प्रमाण पत्र, निर्धारित आय सीमा ₹4,000 तक।
- ग्राम सभा की खुली बैठक का प्रस्ताव।
- राशन कार्ड की स्पष्ट छायाप्रति।
- आधार कार्ड की छायाप्रति।
- बैंक पासबुक की छायाप्रति।
- आवेदक की नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो।
नगर पंचायत की ओर से विशेष रूप से बताया गया है कि राशन कार्ड और आधार कार्ड में दर्ज आयु समान होना अनिवार्य है।
अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने वार्डों में पात्र एवं जरूरतमंद बुजुर्गों तक इस सूचना को पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभ से वंचित न रहे।
पूर्ण आवेदन पत्र एवं सभी आवश्यक दस्तावेज नगर पंचायत लालकुआं कार्यालय में कार्यदिवस के दौरान जमा किए जा सकते हैं।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
