लालकुआं। टांडा रेंज के जंगल से निकलकर जंगली हाथियों का झुंड एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्र में पहुंच गया। हाथियों ने बबूर गुमटी क्षेत्र में खेतों में घुसकर आधा दर्जन किसानों की फसल रौंद दी। इस दौरान शोर मचा रहे कुछ ग्रामीणों को हाथियों ने दौड़ा भी लिया। करीब तीन घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद हाथियों का झुंड वापस हाईवे पार कर टांडा के जंगल लौट गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे टांडा रेंज के जंगल से निकला हाथियों का झुंड राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पार कर बबूर गुमटी क्षेत्र में पहुंचा। हाथियों ने खेतों में घुसकर धान सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों के जागने पर उन्होंने शोर मचाकर और टॉर्च की रोशनी दिखाकर हाथियों को भगाने का प्रयास किया, लेकिन हाथी खेतों से हटने के बजाय कुछ ग्रामीणों की ओर दौड़ पड़े। इससे गांव में देर रात तक दहशत का माहौल बना रहा।
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद हाथियों का झुंड वापस बबूर गुमटी से होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर टांडा के जंगल लौट गया। घटना में किसान गोपाल भट्ट, कैलाश पांडे, रेखा जग्गी और शेखर पांडे समेत कई किसानों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है।
वन क्षेत्राधिकारी गौला चंदन सिंह अधिकारी ने बताया कि जंगली हाथियों के हाईवे पार कर बबूर गुमटी क्षेत्र में पहुंचने की सूचना मिली है। वन विभाग प्रभावित किसानों की फसलों के नुकसान का आकलन कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
