देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज फिर बदलने लगा है। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाने लगे हैं, जबकि मैदानी इलाकों में दिनभर धूप खिल रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के चार पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं, शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। इन जिलों में 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार भी हैं। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ सकती है।
देहरादून में 31 डिग्री तक रह सकता है अधिकतम तापमान
राजधानी देहरादून समेत आसपास के मैदानी क्षेत्रों में गुरुवार को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दिन में तेज धूप के चलते गर्मी का अहसास बना हुआ है, जबकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले चार दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है।
फिलहाल मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे कुछ अधिक बना हुआ है। हालांकि, आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में गिरावट आने के आसार हैं, जिससे दिन के समय गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
