देहरादून। चलती स्कॉर्पियो के सनरूफ से बाहर निकलकर स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और वाहन चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल स्कॉर्पियो एन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक चलती स्कॉर्पियो के सनरूफ से बाहर निकलकर हुड़दंग करता दिखाई दे रहा था। वीडियो में वाहन को तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए भी देखा गया। इस तरह सड़क पर स्टंट करने से युवक की अपनी जान के साथ ही अन्य राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती थी।
वीडियो की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि यह क्लेमेनटाउन क्षेत्र के सुभाष रोड का है। वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन के नंबर के आधार पर पुलिस ने चालक की पहचान की।
पुलिस ने उत्कर्ष (24) पुत्र राकेश करनवाल, निवासी कैपिटल हाइट्स, आईटीबीपी रोड, जीएमएस रोड, देहरादून को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही स्टंट में इस्तेमाल स्कॉर्पियो एन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्ग पर यातायात नियमों की अनदेखी कर स्टंट करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
