निमोनिया और सांस लेने में दिक्कत के बाद कराया गया था भर्ती, दो मरीजों का चल रहा इलाज
हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में तीन दिन के भीतर स्वाइन फ्लू से दो बुजुर्गों की मौत हो गई। शनिवार को रातीघाट निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले तीन सितंबर को नैनीताल निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग की भी स्वाइन फ्लू से मौत हुई थी। दोनों पहले से गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे।
जानकारी के अनुसार, रातीघाट निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग को दो सितंबर को एसटीएच में भर्ती कराया गया था। उन्हें निमोनिया के साथ सांस लेने में काफी परेशानी हो रही थी। इसके अलावा वह लकवा और अनियंत्रित रक्तचाप से भी पीड़ित थे। जांच में चार सितंबर को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां पांच सितंबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
इससे पहले तीन सितंबर को नैनीताल निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग ने भी स्वाइन फ्लू के चलते दम तोड़ दिया था। वह भी पहले से गंभीर बीमारी से पीड़ित बताए गए हैं। वर्तमान में एसटीएच में स्वाइन फ्लू के दो मरीज भर्ती हैं और उनका उपचार चल रहा है।
संदिग्ध मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में किया जा रहा भर्ती
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए एसटीएच प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। अस्पताल में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए अलग क्लीनिक बनाया गया है। संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों को विशेष आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर तत्काल उपचार शुरू किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है।
स्वाइन फ्लू से पीड़ित बुजुर्ग की मौत हुई है। वह पहले से गंभीर रूप से बीमार थे। स्वाइन फ्लू को लेकर अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
— डॉ. रश्मि पंत, सीएमओ

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
