रुद्रपुर । टोल प्लाजा पर एक अप्रैल से संशोधित दरें लागू हो गईं। पुराने रेट के मुकाबले शुल्क में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के निर्देश पर लागू नई दरों में सभी वाहन श्रेणियों पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है, हालांकि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए फास्टैग और यूपीआई पर रियायत बरती गई है।
ऊधम सिंह नगर में तीन टोल प्लाजा हैं। एक टोल प्लाजा खटीमा के बकैनिया में है तो दूसरा पंतनगर में है। तीसरा टोल प्लाजा किच्छा में है। काशीपुर-जसपुर के बीच टोल प्लाजा नजीवाबाद में आता है।
पंतनगर टोल प्लाजा के मैनेजर अमित चौधरी ने बताया कि तुलनात्मक रूप से देखें तो पहले कार, जीप और वैन के लिए एकल यात्रा शुल्क 120 रुपये और रिटर्न 180 रुपये था, जबकि अब नकद भुगतान पर यह बढ़कर 130 रुपये हो गया है। इसी तरह हल्के वाणिज्यिक वाहनों का शुल्क पहले 190 रुपये था, जो अब 200 रुपये तक पहुंच गया है। बस और दो एक्सल ट्रक के लिए पहले 400 रुपये एकल शुल्क लिया जाता था, जो अब बढ़कर 430 रुपये हो गया है। तीन एक्सल वाहनों के लिए भी 440 रुपये से बढ़ाकर 470 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
भारी वाहनों (चार से छह एक्सल) का शुल्क 630 रुपये से बढ़कर 670 रुपये और सात या उससे अधिक एक्सल वाले वाहनों का शुल्क 765 रुपये से बढ़कर 820 रुपये कर दिया गया है। मासिक पास में भी वृद्धि देखने को मिली है। कार श्रेणी के लिए जहां पहले 3960 रुपये मासिक पास था, वहीं नई दरों में यह बढ़ोतरी के साथ लागू किया गया है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
