लालकुआं। क्षेत्र में खनन, ओवरलोडिंग और नशे के कथित अवैध कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ता पीयूष जोशी को जान से मारने, अपहरण करने और घर में वाहन घुसाकर संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप लगा है। मामले में जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों, छात्र नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली पहुंचकर एसएसआई दीपक बिष्ट को तहरीर सौंपी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
तहरीर के अनुसार, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आबादी के बीच से गुजरने वाले संकरे मार्ग पर एक ओवरलोड डंपर को रोका गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डंपर को सीज कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज एक व्यक्ति ने पीयूष जोशी को फोन कर गाली-गलौज की और सीज किए गए वाहन पर लगे 60 से 65 हजार रुपये के जुर्माने की भरपाई करने का दबाव बनाया।
आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने पीयूष जोशी को रास्ते में मिलने पर जानलेवा हमला करने, बांधकर अपहरण करने और घर में दर्जनों वाहन घुसाकर संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीयूष जोशी की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस से शिकायत की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ शीघ्र कानूनी कार्रवाई करने और पीयूष जोशी की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इस पर एसएसआई दीपक बिष्ट ने मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे, कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख कमल भंडारी, हल्दूचौड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय रोहित दुम्का, प्रिंस भारद्वाज, छात्र नेता सचिन फुलारा, कैलाश भट्ट, हिमांशु कुनियाल, कपिल राणा और विकास गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
