लालकुआं। घोड़ानाला क्षेत्र की वीआईपी गेट कॉलोनी में बुधवार को एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। हादसे में युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घटना से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार वीआईपी गेट कॉलोनी निवासी सत्येंद्र गंगवार (पुत्र धर्मपाल गंगवार) की पत्नी कुछ समय पहले नाराज होकर मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद से सत्येंद्र परेशान चल रहा था। बुधवार को उसने कथित तौर पर अपने कमरे के अंदर खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली।
आग की चपेट में आने से सत्येंद्र गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं, कमरे में रखा घरेलू सामान भी आग की चपेट में आकर जल गया। युवक को आग से घिरा देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया।
इसके बाद घायल सत्येंद्र को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से हल्द्वानी स्थित एसटीएच अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com

