नैनीताल में भारी बारिश का ‘रेड अलर्ट’: 26 सितंबर को कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र रहेंगे बंदमौसम विभाग, देहरादून द्वारा 26 सितंबर 2026 को जनपद नैनीताल में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी देते हुए ‘रेड अलर्ट’ (Red Alert) जारी किया गया है। इसके चलते नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर तेजी से बढ़ने तथा संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन होने की आशंका व्यक्त की गई है। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (नैनीताल) ललत मोहन रयाल द्वारा 26 सितंबर (शनिवार) को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, 26 सितंबर को नैनीताल जिले के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय, निजी विद्यालय (कक्षा 01 से 12 तक) तथा सभी आंगनवाड़ी केंद्र पूर्णतः बंद रहेंगे। यह अवकाश विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और कार्यालय कर्मचारियों के लिए भी लागू रहेगा। हालांकि, नैनीताल शहर के आवासीय शैक्षणिक संस्थानों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहाँ छात्र-छात्राएं परिसर में ही रहते हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं तथा लापरवाही बरतने पर आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
