हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव को लेकर बढ़ रही अराजकता की आशंका के बीच पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सोमवार को एसपी सिटी मनोज कत्याल और सीओ अमित सैनी ने पुलिस फोर्स के साथ कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कॉलेज प्रशासन और छात्र प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर चुनाव को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि छात्रसंघ चुनाव लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों और कॉलेज के संविधान के अनुरूप ही कराया जाएगा। चुनाव के दौरान नियमों का उल्लंघन करने या कॉलेज परिसर में किसी भी तरह की अराजकता फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि कॉलेज में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कॉलेज में प्रवेश के दौरान छात्रों के आई-कार्ड की जांच की जा रही है और बिना पहचान पत्र के किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। इसके अलावा बाहरी व्यक्तियों की कॉलेज परिसर और उसके आसपास होने वाली गतिविधियों पर भी पुलिस की पैनी नजर है।
पुलिस प्रशासन ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य कॉलेज परिसर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखते हुए चुनाव को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
