पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को लेकर प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को जिला प्रशासन, पंतनगर विश्वविद्यालय और पुलिस की संयुक्त टीम ने संजय कॉलोनी और मस्जिद कॉलोनी क्षेत्र में घर-घर जाकर 800 परिवारों को नोटिस दिए।
जो लोग मौके पर नहीं मिले, उनके घरों के बाहर नोटिस चस्पा किए गए। नोटिस में 15 दिन के कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए हैं। परियोजना निदेशक की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, उत्तराखंड शासन के आदेशों तथा उच्चतम न्यायालय और उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की जा रही है।
जांच में सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण की पुष्टि होने के बाद यह कदम उठाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी और उसका पूरा खर्च संबंधित व्यक्ति से वसूला जाएगा। साथ ही प्रभावित लोगों को 30 अप्रैल तक अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया है। इसके लिए उन्हें संबंधित कार्यालय में उपस्थित होकर साक्ष्य प्रस्तुत करने होंगे। इस कार्रवाई से संजय कॉलोनी और मस्जिद कॉलोनी के लोगों में आक्रोश का माहौल है। उनका कहना है कि वे 1960 से यहां रह रहे हैं और अब अचानक बेदखली की कार्रवाई अमानवीय है। प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पुनर्वास की मांग की है। उनका कहना है कि उन्हें वैकल्पिक जमीन या सुरक्षित स्थान पर बसाने की व्यवस्था की जाए। कार्रवाई के दौरान एसडीएम किच्छा गौरव पांडे, एसडीएम रुद्रपुर मनीष बिष्ट, तहसीलदार किच्छा गिरीश चंद्र त्रिपाठी, एनएचएआई प्रोजेक्ट मैनेजर आंचल जिंदल, पंतनगर विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारी, पुलिस टीम, पटवारी राखी सिंह, साधना राणा और कानूनगो गरीब सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
