लालकुआं । मोटाहल्दू क्षेत्र से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की कक्षा 10 की 15 वर्षीय छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से सनसनी फैल गई है। स्कूल से घर लौटते समय अचानक गायब हुई छात्रा की स्कूल ड्रेस झाड़ियों में मिलने से मामला और अधिक गंभीर व रहस्यमय हो गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने कई टीमें लगाकर जांच तेज कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शक्तिफार्म निवासी सतीश उपाध्याय, जो मोटाहल्दू स्थित मिनी सिडकुल के कालिका मंदिर में पुजारी हैं, परिवार सहित मंदिर परिसर में रहते हैं। उनकी पुत्री ललिता उपाध्याय गुरुवार को रोज की तरह मोटाहल्दू चौराहे स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गई थी। दोपहर करीब 2:05 बजे छुट्टी के बाद वह अपनी सहेली के साथ घर के लिए निकली। हाइवे पार करने के बाद सहेली अपने घर चली गई, जबकि ललिता मंदिर की ओर बढ़ी, लेकिन घर नहीं पहुंची।
परिजनों द्वारा तलाश के दौरान मदरसन कंपनी के पास टाटा मोटर्स के मालिकाना हक वाली खाली भूमि में उगी घनी झाड़ियों के बीच छात्रा की स्कूल ड्रेस (सलवार-कमीज) बरामद हुई। इस सनसनीखेज बरामदगी के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और घटना ने गंभीर मोड़ ले लिया।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी, कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एसओजी, डॉग स्क्वॉड और डॉ. त्रिवेणी प्रसाद जोशी के नेतृत्व में फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। डॉग स्क्वॉड कपड़ों की लोकेशन से स्कूल तक पहुंचा, जिससे कुछ समय के लिए हाइवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, हालांकि कई कैमरे खराब पाए गए हैं। उपलब्ध फुटेज में छात्रा कपड़े मिलने के स्थान से कुछ दूरी पहले तक नजर आई है, जिससे घटना की गुत्थी और उलझती जा रही है।
कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा ने बताया कि छात्रा की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और हर एंगल से जांच की जा रही है। वहीं ग्रामीणों और परिजनों के साथ मिलकर आसपास के जंगल और खाली क्षेत्रों में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
