हल्द्वानी। फतेहपुर स्थित भाखड़ा नदी में मंगलवार को बड़ी संख्या में मरी हुई मुर्गियां मिली हैं। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में 100 से अधिक मृत मुर्गियां नदी के पास मृत पड़ी हैं। इससे क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है, क्योंकि इस नदी के पानी का उपयोग पेयजल और सिंचाई जैसे कार्यों के लिए किया जाता है। ऐसे में आशंका व्यक्त की जा रही है कि अगर संक्रमण हुआ तो जल के माध्यम से लोगों तक पहुंच सकता है।
भाखड़ा नदी में भारी संख्या में मुर्गियों के शव मिलने से स्थानीय लोगों में संक्रामक रोग फैलने की चिंता है। ग्रामीणों को संदेह है कि मुर्गियों की मौत बर्ड फ्लू या किसी अन्य संक्रामक बीमारी के कारण हो सकती है। स्थानीय निवासियों ने मामले की तुरंत जांच कराने, नदी से मुर्गियों के शवों को हटवाने और पानी को संक्रमणमुक्त करने की मांग की है।
हैरत की बात यह है कि पशुपालन विभाग को इस घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली। यदि मुर्गियों की मृत्यु बर्ड फ्लू या किसी अन्य संक्रमण से हुई है, तो यह अन्य पक्षियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के लिए भी खतर बन सकता है। मामले में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. राजीव सिंह ने बताया कि देर शाम मामला संज्ञान में आया है।
फतेहपुर के पशु चिकित्साधिकारी को मृत मुर्गियों के सैंपल लेने को कहा है। वर्तमान में क्षेत्र की मुर्गियों व अन्य किसी पक्षी में बर्ड फ्लू या अन्य किसी संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
