कांति हत्याकांड की गुत्थी तीसरे दिन भी अनसुलझी, 112 पर शिकायत के बाद थाने पहुंची थी युवती; सुबह मिली लाश
काशीपुर। 18 वर्षीय कांति झा हत्याकांड की गुत्थी तीसरे दिन भी नहीं सुलझ सकी है। पुलिस कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटनास्थल और मृतका के घर से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि पुलिस की चार टीमें करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी हैं। इसके बावजूद हत्या की वजह और वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति तक पुलिस अभी नहीं पहुंच सकी है।
जानकारी के अनुसार घटना वाली रात कांति ने डायल 112 पर पुलिस को घर में विवाद की सूचना दी थी। इसके बाद वह जानी नाम के युवक के साथ आइटीआइ कोतवाली पहुंची थी। वहां उसने अपनी मां और विकास नाम के युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस के समझाने के बाद देर रात करीब 1:15 बजे वह घर लौट गई। अगली सुबह काशीपुर-रामनगर रोड पर धनौरी के पास सड़क किनारे उसका शव मिला। पुलिस को उसके सिर और शरीर पर चोट के निशान मिले थे। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का माना गया है।
घर में रात को क्या हुआ, जांच का अहम बिंदु
पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि कोतवाली से घर लौटने के बाद कांति के साथ क्या हुआ। मृतका की मां पुलिस हिरासत में है और वह जानी पर शक जता रही हैं, जबकि पिता ने विकास नाम के युवक पर परिवार से विवाद और मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। परिजनों के अलग-अलग बयानों के कारण पुलिस के सामने हत्या की वजह को लेकर स्थिति और उलझ गई है।
देहरादून से पहुंची कांति की बड़ी बहन से भी पूछताछ की जानी है। शुक्रवार को फोरेंसिक टीम ने मृतका के घर का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इससे पहले शव मिलने वाले स्थान से भी पुलिस ने साक्ष्य एकत्र किए थे।
शव मिलने वाले स्थान पर CCTV नहीं
पुलिस की चार टीमें करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल चुकी हैं। फुटेज में कांति को कोतवाली से बाइक सवार के साथ घर की ओर जाते हुए देखा गया है। इसके बाद उसके साथ क्या हुआ, इसका कोई स्पष्ट CCTV फुटेज पुलिस को नहीं मिला है। जिस स्थान पर उसका शव मिला, उसके आसपास भी CCTV कैमरे नहीं हैं। इससे जांच में पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।
बताया गया है कि गुरुवार तड़के करीब दो से चार बजे के बीच रामनगर रोड क्षेत्र में बिजली गुल थी। इस अवधि की उपलब्ध CCTV फुटेज भी स्पष्ट नहीं है।
विकास की अस्पताल में मौजूदगी की भी जांच
पुलिस ने विकास नाम के युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। घटना वाली रात उसके अस्पताल में मौजूद होने की बात सामने आई है। बताया गया कि उसके भाई का एक्सीडेंट हुआ था और वह एक निजी अस्पताल में उसके साथ था। पुलिस अस्पताल की CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इस दावे की भी जांच कर रही है।
जल्दबाजी में किसी को आरोपी बनाने से बच रही पुलिस
कांति को आखिरी बार जानी के साथ देखे जाने के कारण पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है। CCTV में उसके कांति को घर छोड़ने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस किसी एक व्यक्ति को केवल अंतिम बार साथ देखे जाने के आधार पर आरोपी बनाने के बजाय पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है, ताकि वास्तविक हत्यारे तक पहुंचा जा सके।
एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर दिए जांच के निर्देश
शुक्रवार शाम एसएसपी अजय गणपति काशीपुर पहुंचे और शव मिलने वाले स्थान का निरीक्षण किया। उन्होंने घटना के खुलासे के लिए गठित चार पुलिस टीमों और जांच अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी ने मृतका की मां से भी पूछताछ की और देर रात तक काशीपुर में रहकर जांच की निगरानी की।
गोली नहीं, भारी वस्तु से चोट की आशंका
शुरुआती जांच में कांति के सिर के पिछले हिस्से में मिले घाव को लेकर गोली लगने की आशंका जताई गई थी। हालांकि प्रारंभिक तौर पर यह घाव किसी भारी लोहे की वस्तु से चोट लगने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चोट और मौत के कारण की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। पुलिस के अनुसार, अभी तक यौन उत्पीड़न की पुष्टि नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम में देरी, रात 11 बजे हुआ अंतिम संस्कार
कांति के शव का पैनल पोस्टमार्टम कराने के लिए गुरुवार रात हल्द्वानी राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। वहां आवश्यक ECG रिपोर्ट उपलब्ध नहीं होने के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो सका। शुक्रवार को शव को दोबारा काशीपुर लाया गया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शाम करीब 6:30 बजे पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम के बाद रात करीब 11 बजे ढेला नदी किनारे स्थित श्मशान घाट पर कांति का अंतिम संस्कार किया गया। पिता ने बेटी को मुखाग्नि दी। पुलिस अभिरक्षा में मौजूद उसकी मां को भी पुलिस अपने साथ ले गई। अंतिम संस्कार में कांति की बहन शांति झा, चचेरा भाई और सामाजिक कार्यकर्ता गगन कांबोज सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
फिलहाल पुलिस हत्या की वजह, घटनास्थल तक पहुंचने और वारदात को अंजाम देने वाले व्यक्ति की पहचान की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
