रुद्रपुर। बारावफात जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर मदरसों को लेकर कथित भड़काऊ भाषण देने के मामले में पुलिस ने रामपुर के दड़ियाल टांडा निवासी मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार किया। अब शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बुधवार को रुद्रपुर में निकाले गए बारावफात जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर सभा आयोजित की गई थी। इसके बाद गुरुवार को सभा में दिए गए भाषण का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। वीडियो में मुफ्ती मुजीब मदरसों को बंद करने की बात पर चेतावनी देते हुए दिखाई दे रहे हैं।
ईदगाह की जमीन वापस करने की मांग
वीडियो में मुफ्ती मुजीब ने कहा कि मदरसों में लोगों को तालीम दी जाती है और किसी पर जुल्म-ज्यादती या चोरी न करने की सीख दी जाती है। इसके साथ ही उन्होंने मदरसों को बंद करने की स्थिति में परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। वीडियो में वह ईदगाह की जमीन वापस करने की मांग करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद मुकदमा
भाषण का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए मुफ्ती मुजीब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने शुक्रवार देर रात उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद पुलिस ने मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित को शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
