‘मैंने मरवाई गोली’?—बेखौफ बोली पूर्व प्रेमिका, प्यार में धोखे का बदला लेने को बैंककर्मी की हत्या की दी सुपारी

Oplus_16908288

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। बड़ोवाला में बैंककर्मी पर फायरिंग के मामले में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता उसकी पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान और उसके साथी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इससे पहले शुक्रवार रात मुठभेड़ के बाद फायरिंग में शामिल शूटर अंकित चौहान को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस की जांच में सामने आया कि प्रेम संबंध में धोखा मिलने से नाराज पूर्व प्रेमिका ने बैंककर्मी को रास्ते से हटाने के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी।

बाइक सवार दो युवकों ने बैंककर्मी पर की थी फायरिंग

एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी और एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सत्यम कुमार निवासी भगवानवाला धामपुर, बिजनौर (उत्तर प्रदेश), वर्तमान में डीएसपी चौक बड़ोवाला में रहते हैं। आठ जुलाई की देर शाम वह वी-मार्ट, मंडी चौक बड़ोवाला से स्कूटी से अपने घर जा रहे थे।

इसी दौरान जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बड़ोवाला की ओर पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी के आगे मोटरसाइकिल रोक दी। आरोप है कि युवकों ने सत्यम कुमार की हत्या की नीयत से उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके दाहिने हिस्से को छीलते हुए निकल गई।

मामले में साक्षी चौहान निवासी असलमपुर भुल्लन, नगीना देहात, बिजनौर की तहरीर पर पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस से बचने के लिए जंगल में भागे बदमाश

पटेलनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम को शुक्रवार रात सूचना मिली कि फायरिंग की घटना में शामिल दो आरोपित दोबारा देहरादून आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पटेलनगर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्धों की तलाश शुरू की।

यह भी पढ़ें 👉  एलबीएस कॉलेज हल्दूचौड़ में हिमांशु पांडे का जलवा,455 वोट लेकर अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा( देखे वीडियो)

इस दौरान गोरखपुर चौक के पास पुलिस टीम ने बिना नंबर की संदिग्ध बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही दोनों बाइक सवार भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने चाय बागान की पगडंडी पर बाइक छोड़ दी और पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भागने लगे।

मुठभेड़ में एक शूटर के पैर में लगी गोली

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान निवासी सोसायटी रोड, लक्सर, केशव नगर, हरिद्वार के रूप में हुई, जबकि फरार आरोपित की पहचान अंकुर निवासी लोको मोहल्ला, पीर वाली गली, लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई।

पुलिस ने अंकित चौहान के कब्जे से तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की।

पूछताछ में अंकित ने बताया कि रानीपुर निवासी उसके परिचित मोहित के माध्यम से उसकी पहचान मालिया रहमान नामक युवती से हुई थी। मालिया के कहने पर उसने अपने साथी अंकुर के साथ मिलकर बड़ोवाला क्षेत्र में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात अंकित और अंकुर घटना की बची हुई सुपारी की रकम लेने मोहित और मालिया के कहने पर देहरादून आ रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। मामले में मालिया रहमान और मोहित को देर रात आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं फरार आरोपित अंकुर की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  एमबीपीजी छात्रसंघ चुनाव: छठे राउंड में आर्यन बेलवाल की बढ़त बरकरार, 648 वोट मिले

पहले शादी हुई, फिर टूटा रिश्ता; बैंककर्मी पर लगाए धोखे के आरोप

पूछताछ में पुलिस के अनुसार, मुख्य साजिशकर्ता मालिया रहमान ने बताया कि वर्ष 2020 से 2023 तक वह उज्जीवन बैंक, हरिद्वार में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात बिजनौर निवासी सत्यम कुमार से हुई, जो उसी बैंक में काम करता था। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए।

वर्ष 2023 में परिजनों के दबाव में मालिया ने सहारनपुर निवासी एक व्यक्ति से शादी कर ली। इसके बाद उसने उज्जीवन बैंक की नौकरी छोड़कर उत्कर्ष बैंक में नौकरी शुरू कर दी।

मालिया के अनुसार, शादी के बाद भी सत्यम उससे फोन पर संपर्क में रहा और दोनों एक-दूसरे के संपर्क में बने रहे। बाद में उसकी शादी टूट गई और वह अपने मायके में रहने लगी। वर्ष 2025 में सत्यम उज्जीवन बैंक की देहरादून शाखा में आ गया।

आरोप है कि सत्यम ने लंबे समय तक उसे शादी का झांसा दिया, लेकिन फरवरी 2026 में उसने किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली। इसके बाद उसने धीरे-धीरे मालिया से संपर्क कम कर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में शराब की दुकानों पर प्रशाशन की ताबड़तोड़ छापेमारी, भवाली में ओवररेटिंग तो लालकुआं में पांच रुपये की ओवररेटिंग पकड़ी

पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी, 1.20 लाख रुपये दिए एडवांस

पुलिस के मुताबिक, सत्यम से मिले कथित धोखे से आहत मालिया ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। उसने अपने साथी मोहित के माध्यम से अंकित चौहान से संपर्क किया। अंकित पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।

आरोप है कि मालिया ने सत्यम की हत्या के बदले अंकित को पांच लाख रुपये देने की बात कही। उसे एडवांस के तौर पर 1.20 लाख रुपये दिए गए और बाकी रकम काम पूरा होने के बाद देने की बात तय हुई।

पुलिस के अनुसार, मालिया ने अंकित को सत्यम की फोटो उपलब्ध कराने के साथ ही देहरादून स्थित उज्जीवन बैंक का कार्यालय भी दिखाया था।

‘मैंने मरवाई गोली’, पूछताछ में बेखौफ दिखी मालिया

पत्रकारों के सवालों के जवाब में मालिया ने कहा कि सत्यम ने उसे मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया, जिससे वह काफी परेशान हो गई थी। उसने दावा किया कि उसने इस संबंध में कनखल थाने में शिकायत भी की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

मालिया ने बताया कि परेशान होकर उसने शूटर हायर किए और सत्यम पर गोली चलवाई।

पुलिस मामले में फरार आरोपित अंकुर की तलाश के साथ ही फायरिंग की घटना और सुपारी की रकम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad