हरिद्वार। शहर में आस्था पथ की झाड़ियों में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में बुधवार देर रात मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसका उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, 8 जून को देहरादून हाईवे स्थित आस्था पथ की झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। महिला की पहचान नहीं होने पर एसएसपी के निर्देश पर गठित चार टीमों ने मामले की जांच की।
जांच के दौरान घटनास्थल और हरकी पैड़ी क्षेत्र के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में महिला दो संदिग्ध युवकों के साथ दिखाई दी, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
बुधवार देर रात उत्तरी हरिद्वार के दुधियाबंद तिराहे पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर आए दो युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में जिशान निवासी जिगर कॉलोनी, नहटौर (बिजनौर) के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी शाहनवाज फरार हो गया। आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह और उसका साथी महिला को हरकी पैड़ी से बहला-फुसलाकर चंडी चौक के पास गंगा घाट की झाड़ियों में ले गए थे। पुलिस के अनुसार, वहां शारीरिक संबंध बनाने के बाद महिला ने तय रकम मांगी। आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर महिला ने पुलिस में शिकायत की बात कही, जिससे दोनों आरोपी बौखला गए। उन्होंने पहले महिला के साथ मारपीट की और बाद में उसकी चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के लिए महिला के मोबाइल की सिम निकालकर गंगा नदी में फेंक दी, ताकि उसकी पहचान और लोकेशन का पता न चल सके।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि फरार आरोपी शाहनवाज की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं, मृतका की पहचान कराने के प्रयास भी जारी हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले की आगे की जांच जारी है और शेष तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
