(हल्द्वानी) पहले बीन बजाते थे, अब ताले बजाने लगे सपेरे: सांप पकड़ने वाले सपेरे निकले शातिर चोर, बंद घरों से उड़ाए लाखों के जेवर

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। सांप पकड़ने और खेल दिखाने वाला सपेरा गैंग अब बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। हल्द्वानी पुलिस ने ऐसे ही तीन शातिर सपेरों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज खुलासा किया है। आरोपियों ने शहर के दो बंद मकानों के ताले तोड़कर करीब 16 तोला सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया था। चोरी गया माल करीब 25 लाख रुपये से अधिक का बताया जा रहा है।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि पहले वे सांप पकड़ने और खेल दिखाने का काम करते थे, लेकिन अब काम ठप होने पर चोरी की राह पकड़ ली। लगातार दो दिनों में उन्होंने दो घरों को निशाना बनाया और वारदात के बाद नैनीताल घूमने तक निकल गए।

पहली घटना रामपुर रोड क्षेत्र की है, जहां निवासी मनोज जोशी ने पांच मई को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक मई को उनके बंद घर में चोरी हुई। दूसरी वारदात मुखानी के कृष्णापुर इलाके में हुई, जहां लक्ष्मण सिंह ने शिकायत दी कि 30 अप्रैल को उनके घर का ताला तोड़कर लाखों के जेवर चोरी कर लिए गए।दोनों परिवार गांव गए हुए थे और पीछे से चोरों ने बंद मकानों को निशाना बना लिया।हरिद्वार नंबर की बाइक बनी सुरागलगातार हो रही चोरियों से पुलिस में हड़कंप मच गया। एसएसपी मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर दो टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि दो संदिग्ध युवक हरिद्वार नंबर की बाइक पर इलाके में घूमते दिखाई दिए थे।इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर बेल बाबा मंदिर के पास से तीनों आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिद्वार के ग्राम घोसीपुरा, सपेरा बस्ती चौकी फेरूपुर निवासी 20 वर्षीय प्रदीपनाथ उर्फ मंदीप, 20 वर्षीय रोहिताश उर्फ पोपे और 21 वर्षीय गुरविंदर के रूप में हुई है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे हल्द्वानी में रहकर पहले बंद घरों की रेकी करते थे। जब यकीन हो जाता कि घर खाली है, तब रात में ताला तोड़कर चोरी कर लेते थे। चोरी के बाद वे नैनीताल घूमने भी गए और लौटकर ट्रांसपोर्ट नगर के एक होटल में रुके थे। पुलिस के मुताबिक आरोपी आगे भी बंद घरों को निशाना बनाने की फिराक में थे।

एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि आरोपी गुरविंदर के खिलाफ रायपुर और डोईवाला थानों में चोरी के दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं रोहिताश पर हरिद्वार में चोरी का मामला दर्ज है। पुलिस अब आरोपियों के अन्य राज्यों और जिलों में जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। इनमें चांदी का कटोरा, तीन जोड़ी पायल, सात बिछुवे, तीन धागुले, कमरबंद, सोने का कटोरा व प्लेट, हार, चेन, तीन मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, दो चोकर, तीन अंगूठियां, पौची के दाने समेत कई कीमती सामान शामिल हैं।