रुद्रपुर। सब्जी खरीदने के बाद दुकानदार से नींबू मांगना एक टेंट हाउस संचालक को भारी पड़ गया। मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी झड़प में बदल गया। आरोप है कि दुकानदार ने गुस्से में आकर टेंट हाउस संचालक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी दुकानदार को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नींबू मांगने पर हुआ विवाद, चाकू से किया हमला
पुलिस के अनुसार, ट्रांजिट कैंप निवासी प्रेम शंकर टेंट हाउस का काम करता है। सोमवार देर रात वह श्मशान घाट क्षेत्र स्थित एक सब्जी की दुकान पर सब्जी खरीदने गया था। सब्जी लेने के बाद उसने दुकानदार से नींबू मांगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने चाकू निकालकर प्रेम शंकर पर कई वार कर दिए। हमले में वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना देख आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया।
सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
