गौला के तेज बहाव में बह गईं दो चिताएं, शवों की तलाश में जुटे रहे परिजन
हल्द्वानी। रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर मंगलवार को अंतिम संस्कार के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। गौला नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने और तेज बहाव के कारण नदी का पानी घाट के किनारे तक पहुंच गया। देखते ही देखते अंतिम संस्कार के लिए लगाई गईं दो चिताएं नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गईं। दोनों चिताओं के साथ शव भी नदी में बह गए। हादसे के बाद घाट पर अफरातफरी मच गई। परिजनों ने नदी किनारे शवों की तलाश की, लेकिन देर शाम तक दोनों शवों का पता नहीं चल सका।
जानकारी के अनुसार गौलापार निवासी नवीन भट्ट की 95 वर्षीय दादी नीलावती देवी का सोमवार रात निधन हो गया था। मंगलवार को परिजन अंतिम संस्कार के लिए रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पहुंचे। नदी किनारे चिता तैयार कर अंतिम संस्कार शुरू किया गया। बारिश के कारण चिता ठीक से नहीं जल पा रही थी। इसी दौरान करीब पौने 12 बजे गौला नदी का बहाव अचानक तेज हो गया।
नदी का पानी कटान करते हुए घाट के किनारे तक पहुंच गया और देखते ही देखते चिता को अपनी चपेट में ले लिया। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले चिता शव समेत तेज बहाव में बह गई।
दूसरी चिता भी बहाव में बही
इसी दौरान रुद्रपुर से आया एक अन्य परिवार भी चित्रशिला घाट पर अंतिम संस्कार कर रहा था। बताया गया कि इस चिता में शव करीब 70 प्रतिशत तक जल चुका था। अचानक बढ़े नदी के बहाव ने दूसरी चिता को भी अपनी चपेट में ले लिया और शव समेत वह भी नदी में बह गई।
दोनों चिताओं के नदी में बहने के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने नदी के आसपास शवों की तलाश शुरू की, लेकिन गौला का बहाव बेहद तेज होने के कारण नदी में उतरना संभव नहीं था। आसपास के क्षेत्रों में भी खोजबीन की गई, मगर देर शाम तक दोनों शवों का कोई सुराग नहीं मिला।
नदी किनारे जाने पर रोक
हादसे के बाद पुलिस ने गौला नदी के संवेदनशील क्षेत्रों में नदी किनारे जाने पर रोक लगा दी है। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है, जो शिफ्टवार निगरानी करेंगे। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि तेज बहाव के चलते दो चिताएं बह गई थीं और शवों का पता नहीं चल सका। उन्होंने नदी किनारे जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
बारिश के दौरान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने की घटना ने चित्रशिला घाट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से नदी और उसके आसपास के संवेदनशील इलाकों से दूर रहने की अपील की है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
