उधमसिंह नगर। खेतलसंडा खाम गांव में बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करना एक पिता को भारी पड़ गया। आरोप है कि छेड़छाड़ कर रहे दो भाइयों को डांटने पर उन्होंने चारपाई की पाटी से पिता के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की गोरखपुर एम्स ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपित भाइयों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में मूलरूप से उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले की निवासी युवती ने बताया कि उसका परिवार काम के सिलसिले में खेतलसंडा खाम गांव में रह रहा था। 27 सितंबर की दोपहर करीब दो बजे वह गांव के सरकारी नल से पानी भरकर घर लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव निवासी संजय और सुभाष ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
युवती के मुताबिक, उसके पिता ने दोनों भाइयों को डांटते हुए छेड़छाड़ का विरोध किया। आरोप है कि इससे नाराज दोनों भाइयों ने पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान चारपाई की पाटी से उनके सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए।
परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर गोरखपुर एम्स रेफर किया गया। एम्स ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपित भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
