देवभूमि उत्तराखंड में भूकंप के झटके थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। लगातार आ रहे झटकों से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। कुमाऊं और गढ़वाल क्षेत्र इन दिनों भूकंपीय गतिविधियों से प्रभावित नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को बागेश्वर जिले में भूकंप के तीन झटके महसूस किए गए, जिससे लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का सिलसिला सुबह 10:32 बजे शुरू हुआ और 11:31 बजे तक जारी रहा। पहला झटका 10:32 बजे रिक्टर पैमाने पर 3.1 तीव्रता का दर्ज किया गया, जबकि दूसरा झटका 10:46 बजे 2.6 तीव्रता का रहा। इसके बाद 11:31 बजे तीसरा झटका महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 2.8 मापी गई।
भूकंप का केंद्र कपकोट तहसील के बदियाकोट, सोराग और बाछम क्षेत्र के आसपास जमीन से लगभग 5 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया। केंद्र नजदीक होने के कारण इन क्षेत्रों में झटके अधिक महसूस किए गए, जबकि जिले की अन्य तहसीलों में भी हल्का कंपन दर्ज हुआ।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि जिले में एक के बाद एक तीन झटके महसूस किए गए हैं। हालांकि अब तक किसी भी क्षेत्र से जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने राजस्व विभाग की टीमों को प्रभावित इलाकों में भेजकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
