हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में गुरुवार रात कौलटैक्स नहर में बह गए दिल्ली निवासी 35 वर्षीय युवक को नैनीताल पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने अंधेरे और तेज बहाव के बीच साहसिक रेस्क्यू कर सकुशल बचा लिया।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि कौलटैक्स नहर में दिल्ली निवासी नरोत्तम पुत्र पुरुषोत्तम बह गया है। सूचना मिलते ही काठगोदाम प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान के निर्देशन में उपनिरीक्षक दलीप, उपनिरीक्षक कुमकुम और कांस्टेबल प्रताप गढ़िया मौके पर पहुंचे। फायर सर्विस की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई।
नहर में तेज बहाव और अंधेरा होने के बावजूद कांस्टेबल प्रताप गढ़िया और फायरमैन रविचंद्र रजवार ने साहस दिखाते हुए नहर में उतरकर युवक की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों जवानों ने युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया।
इसके बाद युवक को डायल-112 वाहन से अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में 108 एंबुलेंस मिलने पर उसे सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
पुलिस और फायर सर्विस टीम की त्वरित कार्रवाई और साहसिक रेस्क्यू की स्थानीय लोगों ने सराहना की।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
