ऊधमसिंह नगर। पुस्तैनी जमीन को लेकर चल रहे विवाद में एक भाई पर दूसरे भाई पर कथित रूप से हमला करने का आरोप लगा है। हमले में 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी भाई की तलाश में जुटी है।
मूल रूप से अलीनगर, बदायूं (उत्तर प्रदेश) निवासी 40 वर्षीय राजू यादव पुत्र खिमानी सिंह बाजपुर के सुल्तानपुर पट्टी पुलिस चौकी क्षेत्र में छोई रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के पास फार्म हाउस में श्रमिक के रूप में काम करता था। बताया गया कि शुक्रवार देर रात राजू खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान पुस्तैनी जमीन को लेकर उसका अपने भाई से विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान उसके भाई ने किसी वस्तु से राजू पर हमला कर दिया। हमले में राजू गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर सिंह और कोतवाल नरेश चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने खेत के कच्चे रास्ते से शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला पुस्तैनी जमीन के विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस आरोपी भाई की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले की विस्तृत जांच के बाद ही घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
