यहा श्रमिकों और पुलिस में झड़प, रुद्रपुर में आंदोलन तेज

खबर शेयर करें 👉

रुद्रपुर। सिडकुल की वी-गार्ड कंपनी के खिलाफ कर्मचारियों का प्रदर्शन शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। अपनी मांगों को लेकर अड़े कर्मियों ने कंपनी गेट के बाहर फिर से नारेबाजी की और वेतन वृद्धि सहित अन्य सुविधाओं की मांग दोहराई। स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब प्रदर्शनकारी कर्मचारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। जिसके बाद पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। हालांकि बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। कर्मचारियों का कहना है कि सालों से कार्यरत होने के बावजूद उन्हें शुरुआती वेतन पर ही काम कराया जा रहा है और महंगाई के दौर में परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। साथ ही कैंटीन की खराब व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। वहीं दिनभर श्रम विभाग के अधिकारियों, कंपनी प्रबंधन और कर्मचारियों के बीच वार्ता का दौर चलता रहा, लेकिन दूसरे दिन भी कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका। कर्मचारियों का स्पष्ट कहना है की जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाएगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

आंदोलनकारी श्रमिकों के समर्थन में उतरे ठुकराल
रुद्रपुर। शनिवार को पूर्व विधायक व कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर श्रमिकों को अपना समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों की समस्याओं को विस्तार से सुना और उनकी मांगों को लेकर कंपनी प्रबंधन व मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों के साथ वार्ता की। श्रमिकों को संबोधित करते हुए राजकुमार ठुकराल ने कहा कि औद्योगिक संस्थानों की उन्नति में श्रमिकों का पसीना और मेहनत शामिल होती है, इसलिए उनके हितों की अनदेखी करना किसी भी प्रबंधन के लिए उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों द्वारा उठाई गई मांगें पूरी तरह से जायज और न्यायोचित हैं। श्रमिकों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


वर्जन श्रमिकों की मांग को लेकर कंपनी प्रबंधन से लगातार वार्ता चल रही है लेकिन कुछ बिंदुओं पर बात नहीं बन सकी है। कंपनी लगातार सभी मांगों को लेकर मंथन कर रही है, उम्मीद है की जल्द ही वार्ता का सकारात्मक समाधान निकलेगा। अरविंद सैनी, एएलसी