देहरादून। रामनगर में अज्ञात युवक का शव कथित तौर पर कूड़ा ढोने वाले वाहन से अस्पताल पहुंचाए जाने के मामले में उत्तराखंड मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लेते हुए सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने जिलाधिकारी नैनीताल को मामले में आवश्यक कार्रवाई कर निर्धारित तिथि तक जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
मामले में आरटीआई कार्यकर्ता भूपेंद्र कुमार लक्ष्मी ने मानवाधिकार आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि रामनगर के ग्राम टांडा मल्लू में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। इसके बाद शव को कथित तौर पर कूड़ा ढोने वाले वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। शिकायतकर्ता ने इस घटना पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। शिकायत में घटना से संबंधित वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने का भी उल्लेख किया गया है।
आयोग के सदस्य हरि चंद्र सेमवाल ने शिकायत की प्रति जिलाधिकारी नैनीताल को प्रेषित करने और मामले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी को निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी आख्या आयोग के समक्ष प्रस्तुत करनी होगी।
आयोग के आदेश के अनुसार, मामले से संबंधित पत्रावली आगामी 13 जनवरी 2027 को आयोग के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी। अब इस मामले में जिला प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर नजर रहेगी।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
