उत्तराखंड सैनिकों के सम्मान में बड़ा कदम: मुख्यमंत्री धामी ने करोड़ों की योजनाओं का किया लोकार्पण

खबर शेयर करें 👉

खटीमा । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को खटीमा क्षेत्र के खेतलसंडा में आयोजित भव्य गौरव सैनिक सम्मान समारोह में शिरकत करते हुए पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने 715.51 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीएसडी कैंटीन तथा 162.26 लाख रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक सैनिक मिलन केंद्र का लोकार्पण किया।
यह कार्यक्रम सेवा संकल्प धारिणी फाउंडेशन द्वारा स्व. सूबेदार शेर सिंह धामी की छठी पुण्यतिथि पर आयोजित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री ने 60 वीर नारियों और 80 वीर योद्धाओं को शॉल ओढ़ाकर एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया।


कार्यक्रम की शुरुआत एनसीसी बैंड की अगुवाई में स्वागत के साथ हुई। मुख्यमंत्री ने अपने पिता स्व. सूबेदार शेर सिंह धामी सहित नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चम्पावत के शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया।
“वर्दी सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक”
मुख्यमंत्री धामी ने अपने संबोधन में कहा कि एक सैनिक के लिए उसकी वर्दी ही उसका सबसे बड़ा सम्मान होती है और यह देश सेवा की बड़ी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि उनके पिता के आदर्श, अनुशासन और राष्ट्र सर्वोपरि की भावना आज भी उन्हें प्रेरित करती है।
उन्होंने बताया कि उनके पिता ने 28 वर्षों तक महार रेजिमेंट में सेवा देते हुए भारत-चीन युद्ध 1962, भारत-पाक युद्ध 1965 और भारत-पाक युद्ध 1971 सहित कई महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों में योगदान दिया।
रक्षा क्षेत्र में भारत की बढ़ती ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बना है। वर्ष 2014-15 में 46 हजार करोड़ रुपये का रक्षा उत्पादन अब बढ़कर 1.54 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है, जबकि रक्षा निर्यात भी रिकॉर्ड 38 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
सैनिकों के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहीदों और सैनिकों के सम्मान व उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुग्रह राशि बढ़ाई गई है, आश्रितों को सरकारी नौकरी दी जा रही है तथा वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों की सम्मान राशि में भी वृद्धि की गई है।
उन्होंने बताया कि देहरादून में भव्य सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देगा। साथ ही पूर्व सैनिकों को विभिन्न सुविधाएं, निःशुल्क यात्रा और संपत्ति खरीद में स्टाम्प ड्यूटी में छूट जैसी योजनाएं भी संचालित हैं।
रोड शो में हुआ भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री के खटीमा पहुंचने पर रोड शो के दौरान जनप्रतिनिधियों और जनता ने पुष्पवर्षा कर उनका जोरदार स्वागत किया।
अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी किया संबोधन
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, सांसद अजय भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सैनिकों के योगदान को नमन करते हुए उन्हें सम्मानित करने को गौरव की बात बताया।
समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।