हल्द्वानी। पांच रुपये के पुराने नोट के बदले तीन लाख रुपये मिलने का लालच देकर साइबर ठग लोगों को ठगी के जाल में फंसा रहे हैं। मोटी रकम कमाने के झांसे में आकर लोग न सिर्फ अपने नाम पर बैंक खाते खुलवा रहे हैं, बल्कि उनका पूरा एक्सेस भी ठगों को सौंप रहे हैं। इन खातों में देश के कई राज्यों में हुई साइबर ठगी की करोड़ों रुपये की रकम पहुंचने का खुलासा हुआ है। पिथौरागढ़ में ऐसे ही एक मामले में दो महिलाओं समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दरअसल, राजस्थान के एक फेसबुक यूजर ने अपनी प्रोफाइल पर पांच रुपये के पुराने नोट के बदले करीब तीन लाख रुपये देने का विज्ञापन पोस्ट किया था। पिथौरागढ़ निवासी एक महिला ने विज्ञापन देखकर उससे संपर्क किया। आरोप है कि इसके बाद ठग ने महिला और उसके पति के नाम पर बैंक खाते खुलवाए और उनका पूरा एक्सेस अपने कब्जे में ले लिया।
वहीं, एक अन्य युवक ने अपने बैंक खाते में पंजीकृत मोबाइल नंबर का सिमकार्ड भी डाक के जरिए ठग के पास भेज दिया। पुलिस के प्रतिबिंब एप पर म्यूल बैंक खातों से संबंधित अलर्ट मिलने के बाद मामले की जांच शुरू हुई। जांच में सामने आया कि इन खातों में साइबर ठगी के जरिए जुटाई गई करोड़ों रुपये की रकम पहुंची थी। इसके बाद पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
कई राज्यों में दर्ज हैं साइबर ठगी के मामले
पुलिस जांच में सामने आया कि इन म्यूल खातों में पहुंची रकम देश के अलग-अलग राज्यों में की गई साइबर ठगी से जुड़ी थी। दिल्ली, राजस्थान, तेलंगाना, गुजरात और मध्य प्रदेश में इनसे संबंधित कई शिकायतें और मुकदमे दर्ज पाए गए। जांच में यह भी पता चला कि इन्हीं राज्यों से लोगों को पुराने नोट के बदले मोटी रकम देने के विज्ञापन भेजे गए थे।
म्यूल खातों के हॉटस्पॉट से खुला मामला
प्रतिबिंब एप पर म्यूल खातों का हॉटस्पॉट दिखाई देने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। तफ्तीश में खातों के जरिए देश के कई राज्यों में हुई साइबर ठगी का मामला सामने आया।
लोगों से अपील है कि वे अपने बैंक खातों का एक्सेस किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। लालच में आकर बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी या पंजीकृत मोबाइल नंबर की जानकारी किसी को देना भारी पड़ सकता है।
— नीरज भाकुनी, साइबर एक्सपर्ट
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
