(उत्तराखण्ड) मेडिकल क्षेत्र से जुड़े युवाओं की करतूत से क्षेत्र में फैली सनसनी,नेटवर्क का बहाना बनाकर महिला से सोने की चेन झपटीं

खबर शेयर करें 👉

नेटवर्क का बहाना बनाकर महिला से लूटी सोने की चेन,  दिल्ली निवाशी हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज का छात्र और हल्द्वानी निवाशी युवती गिरफ्तार!
पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के मुनस्यारी क्षेत्र में रिश्तों और पेशे की मर्यादा को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बंगापानी तहसील के तोली गांव में खेत जा रही एक महिला से नेटवर्क का बहाना बनाकर सोने की चेन लूटने के आरोप में पुलिस ने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र और उसकी महिला साथी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की है। पीड़िता 38 वर्षीय ममता देवी घर से सरसों निकालने खेत जा रही थीं। इसी दौरान सड़क किनारे बाइक पर खड़े युवक-युवती ने मोबाइल नेटवर्क न होने की बात कहकर उनसे फोन मांगा। भरोसा कर महिला उनके साथ करीब 50 मीटर पैदल चली ही थी कि युवक ने अचानक उसे पकड़ लिया और साथ मौजूद युवती ने गले से सोने की दो मालाएं झपट लीं।
पीड़िता के अनुसार छीनी गई मालाओं का वजन करीब एक से डेढ़ तोला बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और घेराबंदी कर आरोपियों को गर्जिया पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है।
एसपी अक्षय प्रहलाद कोंडे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी 25 वर्षीय सन्नी सिंह, निवासी मियांवाली नगर पश्चिम विहार, दिल्ली है, जो हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस का छात्र है। वहीं उसकी साथी 23 वर्षीय हिमानी बोरा हल्द्वानी निवासी है, जो मेडिकल प्रोफेशन से जुड़ी बताई जा रही है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पढ़े-लिखे और मेडिकल क्षेत्र से जुड़े युवाओं द्वारा इस तरह की वारदात किए जाने से स्थानीय लोग भी हैरान हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।