देहरादून में विधायक पर मारपीट का आरोप, शिक्षकों का प्रदर्शन तेज

खबर शेयर करें 👉

राजधानी देहरादून में विधायक उमेश कुमार (काऊ) पर प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ कथित मारपीट का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में प्रदेशभर के शिक्षक और कर्मचारी संगठनों ने शिक्षा निदेशालय के बाहर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार विधायक एक सरकारी विद्यालय का नाम बदलने के मुद्दे को लेकर निदेशालय पहुंचे थे। अधिकारियों के साथ बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कहासुनी के बाद शिक्षा निदेशक के कार्यालय में घुसकर उनके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद शिक्षा विभाग में आक्रोश व्याप्त है।
शिक्षक संगठनों का कहना है कि जब वरिष्ठ अधिकारी अपने कार्यालय में सुरक्षित नहीं हैं, तो शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। इसी के विरोध में निदेशालय परिसर के बाहर प्रदर्शन किया गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।


राजकीय शिक्षक संघ के अध्यक्ष राम सिंह चौहान ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी विधायक की गिरफ्तारी नहीं हुई और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन बोर्ड परीक्षाओं के बहिष्कार का निर्णय ले सकता है।
प्रदेश में बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं, ऐसे में संभावित बहिष्कार से लाखों छात्रों के भविष्य पर संकट गहराने की आशंका है। परीक्षा संचालन और मूल्यांकन पूरी तरह शिक्षकों पर निर्भर होने के कारण शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।