जिले के गदरपुर में आयोजित जन सुनवाई दिवस में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक पेट्रोल की बोतल लेकर आत्मदाह करने पहुंच गया. पुलिस की सतर्कता से बड़ी अनहोनी टल गई, लेकिन घटना ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली और जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वहीं गदरपुर थाने के उप निरीक्षक संजय बोरा ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर शांत कराया. उन्होंने आगे कहा कि मामले की जांच की जा रही है
जिले के गदरपुर में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब युवक (चाय विक्रेता) आत्मदाह के इरादे से हाथ में पेट्रोल की बोतल लेकर मौके पर पहुंच गया. युवक की हरकत देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए. स्थिति की गंभीरता को समझते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और युवक के हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई.
जानकारी के अनुसार, युवक पिछले चार महीनों से अपनी शिकायत को लेकर अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर काट रहा था. उसका आरोप है कि करीब चार माह पूर्व रविवार बाजार में अज्ञात बदमाशों ने उसकी पत्नी का पर्स छीन लिया था, जिसमें मोबाइल फोन और हजारों रुपए की नकदी थी. घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, लेकिन इतने समय बीत जाने के बावजूद न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही किसी प्रकार की जांच शुरू की गई.
पीड़ित का कहना है कि उसने कई जनप्रतिनिधियों से भी न्याय की गुहार लगाई, लेकिन हर बार उसे केवल आश्वासन ही मिला. लगातार अनदेखी और प्रशासनिक उदासीनता से परेशान होकर उसने यह कठोर कदम उठाने का निर्णय लिया. जन सुनवाई के दौरान वह पेट्रोल की बोतल लेकर पहुंचा और आत्मदाह की कोशिश की.
गदरपुर थाने के उप निरीक्षक संजय बोरा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युवक को समझाकर शांत कराया. उन्होंने कहा कि युवक की समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया गया है. पुलिस के अनुसार, युवक मानसिक तनाव में था और किसी के बहकावे में आकर यह कदम उठाने का प्रयास किया ऐसा प्रतीत हो रहा है. घटना के बाद पुलिस व प्रशासनिक तंत्र की कार्यप्रणाली और जनप्रतिनिधियों की संवेदनशीलता को लेकर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बड़ी लापरवाही: जनसुनवाई में युवक ने की आत्मदाह की कोशिश, पुलिस की मुस्तैदी से टली अनहोनी
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
