शक्तिफार्म में अवैध गर्भपात का गोरखधंधा बेनकाब, स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी में क्लीनिक सील

खबर शेयर करें 👉

अनधिकृत गर्भपात के गोरखधंधे का पर्दाफाश,शक्तिफार्म में अवैध क्लीनिक सील, संचालिका रंगे हाथ पकड़ी गई

सितारगंज। शक्तिफार्म क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक क्लीनिक पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर अनधिकृत गर्भपात कराने के गोरखधंधे का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने गर्भपात में प्रयुक्त प्रतिबंधित दवाइयां और चिकित्सकीय उपकरण बरामद करते हुए क्लीनिक को सील कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग को लंबे समय से गनेश प्राथमिक चिकित्सालय में महिलाओं और युवतियों के अवैध गर्भपात की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना के आधार पर उप जिला चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा. कुलदीप यादव ने शुक्रवार देर शाम अपनी टीम के साथ क्लीनिक का औचक निरीक्षण किया।

क्लीनिक का कोई वैध पंजीकरण नहीं
निरीक्षण में पाया गया कि क्लीनिक का कोई वैध पंजीकरण नहीं था और संचालिका रंजना गंगवार बिना अनुमति के चिकित्सालय चला रही थी। जांच में यह भी सामने आया कि यहां लंबे समय से अवैध गर्भपात की गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। टीम ने मौके पर 25 वर्षीय अविवाहित युवती का गर्भपात करते हुए संचालिका को रंगे हाथ पकड़ लिया।
छापेमारी के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक से कई प्रतिबंधित दवाइयां और चिकित्सकीय उपकरण बरामद किए, जिनमें एमटीपी किट, मिसोप्रोस्टोल की गोलियां, क्लिंडामाइसिन, कंट्रसेफ्ट किट, और अन्य उपकरण शामिल थे। सूत्रों के अनुसार गनेश प्राथमिक चिकित्सालय की संचालिका का नेटवर्क स्थानीय क्षेत्रों तक ही सीमित नहीं था, बल्कि उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था।

क्लीनिक का पंजीकरण न होने और अनधिकृत गतिविधियां संचालित पाए जाने पर इसे सील कर दिया गया है और पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। – डा. कुलदीप यादव, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक