लालकुआँ- नगर पंचायत अध्यक्ष एवं पूर्व फौजी सुरेंद्र सिंह लोटनी ने वॉर्ड नंबर चार स्थित पुराने कुएं के समीप बने होलिका दहन स्थल का सौंदर्यीकरण कराकर क्षेत्रवासियों को एक बेहतर एवं सुरक्षित स्थल की सौगात दी है। लंबे समय से यह स्थान उपेक्षित था, जिससे आसपास गंदगी और असुविधा की स्थिति बनी रहती थी। स्थानीय लोगों की मांग पर अध्यक्ष ने त्वरित संज्ञान लेते हुए सौंदर्यीकरण कार्य शुरू कराया।
सौंदर्यीकरण के अंतर्गत होलिका दहन स्थल की साफ-सफाई, समतलीकरण व फूलों के नए गमले और आसपास की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। साथ ही स्थल के चारों ओर व्यवस्थित सुरक्षा का भी ध्यान रखा गया है, ताकि पर्व-त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
होलिका दहन जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए स्वच्छ और व्यवस्थित स्थान होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत क्षेत्र के सभी सार्वजनिक स्थलों के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी के साथ वॉर्ड 4 के सभासद पति आरिफ व वॉर्ड नंबर 5 के सभासद सुरेश शाह ,व्यपारी राजन भटिया सहित , वार्ड के निवासी व नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।
वॉर्ड नंबर चार के निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि अब होली जैसे प्रमुख त्योहार पर होलिका दहन कार्यक्रम अधिक सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सकेगा।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
