हल्द्वानी।
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज एक दिवसीय दौरे पर हल्द्वानी पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री पूर्वाह्न 10:55 बजे एफटीआई हेलीपैड हल्द्वानी पहुंचेंगे। इसके बाद वह सीधे सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री की वर्चुअल उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह अभियान सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री हल्द्वानी स्थित पीएसपी चिकित्सालय के उद्घाटन समारोह में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद एफटीआई सभागार में जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था, विकास कार्यों एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री अपराह्न 3:15 बजे एफटीआई हेलीपैड से खटीमा के लिए रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए शहर में यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
