गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में अंतर-विश्वविद्यालय खेल महोत्सव 2025-26 का भव्य आगाज

खबर शेयर करें 👉

पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के स्टीवेंसन स्टेडियम में मंगलवार को उत्तराखंड राज्य अंतर-विश्वविद्यालय खेल एवं क्रीड़ा महोत्सव 2025-26 का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि ले.ज. गुरमीत सिंह (राज्यपाल) ने मशाल प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया। प्रदेश के 10 विश्वविद्यालयों से आए 722 खिलाड़ियों की मौजूदगी से स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मशाल, मार्च पास्ट और चांसलर ट्रॉफी का अनावरण
खिलाड़ियों का मशाल के साथ प्रवेश समारोह का मुख्य आकर्षण रहा। इसके बाद चांसलर ट्रॉफी का अनावरण और स्मारिका का विमोचन किया गया। ध्वजारोहण के साथ प्रतियोगिताओं की औपचारिक शुरुआत हुई। विभिन्न विश्वविद्यालयों की सुसंगठित टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अनुशासन और एकरूपता का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने खेल भावना, निष्पक्षता और ईमानदारी की शपथ भी ली।
“खेल चरित्र निर्माण का सशक्त माध्यम”
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं का जोश और अनुशासन निर्णायक भूमिका निभाएगा। महिला खिलाड़ियों के उत्साह की विशेष सराहना करते हुए उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह चौहान ने कहा कि विश्वविद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी समान महत्व देता है, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके। कुलसचिव डॉ. दीपा विनय ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की, जबकि अंत में आयोजक सचिव डॉ. एएस जीना ने आभार व्यक्त किया।
800 मीटर दौड़ में अंकित और नीतू अव्वल
प्रतियोगिता के पहले दिन 800 मीटर दौड़ (पुरुष एवं महिला वर्ग) में रोमांचक मुकाबले हुए।
पुरुष वर्ग
प्रथम: अंकित नांग, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय
द्वितीय: आशिफ, श्री देव सुमन विश्वविद्यालय
तृतीय: ललित सिंह, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा
महिला वर्ग
प्रथम: नीतू, कुमाऊं विश्वविद्यालय
द्वितीय: चांदनी, उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय
तृतीय: शीतल भट्ट, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा
विजेताओं को राज्यपाल ने पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
रचनात्मक प्रतिभाओं को भी सम्मान
कृषि महाविद्यालय के छात्र ऋषि राज को खेल महोत्सव का ‘लोगो’ डिजाइन करने, सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय की शिवांगी भट्ट को ‘शुभंकर’ तैयार करने और पिंकी को अल्पना डिजाइन के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, कुलसचिव, उधमसिंह नगर के जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। महोत्सव के पहले दिन का आयोजन जोश, अनुशासन और उत्साह से सराबोर रहा।