हल्द्वानी में सीवर गड्ढे बने जानलेवा, ट्रक की चपेट में आकर बुजुर्ग की मौत, शहर में भारी आक्रोश

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी – शहर में सीवर लाइन के लिए खोदे गए गड्ढे एक बार फिर जानलेवा साबित हुए। सोमवार को काठगोदाम-पनचक्की मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

मृतक की पहचान सुरेश चंद्र पांडे (70 वर्ष), निवासी शांति विहार, पनचक्की के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। ट्रक यूपी के पीलीभीत का बताया जा रहा है, जिसका नंबर UP 26 AT 2310 है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुरेश चंद्र पांडे स्कूटी से काठगोदाम से पनचक्की की ओर जा रहे थे। रास्ते में वह एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे, तभी उनकी स्कूटी सीवर लाइन के लिए खोदे गए अधूरे गड्ढे में फिसल गई। स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और इससे पहले कि वह संभल पाते, ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया। हादसा इतना भयावह था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों में रोष
हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। स्थानीय पार्षद मुकुल बल्यूटिया ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए यूएसडीडीए (USDA) को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना है कि पिछले करीब दो माह से सीवर लाइन के नाम पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे खोदे गए हैं, जिन्हें बार-बार शिकायतों के बावजूद नहीं भरा गया। इन खतरनाक गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।

विधायक ने उठाए सवाल
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण निर्दोष लोगों की जान जा रही है। उन्होंने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।