हल्द्वानी विकासखंड के आठ लोग खाड़ी देशों में, हमलों की खबरों से परिजन चिंतित

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। हल्द्वानी विकास खंड के आठ लोग खाड़ी देश में फंसे हुए हैं। रोजाना हमले होने की खबर मिलने से इनके स्वजन को यहां चिंता सता रही है। हालांकि कुछ स्वजन ने बातचीत में बताया कि उनके पुत्र या रिश्तेदार दुबई में ठीक हैं और रोजाना वीडियो काल कर रहे हैं।

गुरुवार को गोरापड़ाव धौलाखेड़ा निवासी हेम चंद्र पांडे ने बताया कि उनका बड़ा बेटा योगेश पांडे दुबई के बुर्जम मेट्रो स्टेशन के पास एक होटल में काम करता है। कहा कि बेटे ने हल्द्वानी से होटल मैनेजमेंट का कोर्स किया था। नवंबर में ही वह वहां नौकरी करने गया है।

वहीं दूसरा छोटा बेटा भी दुबई में होटल में कार्य कर रहा है। वह अगस्त में ही वहां चले गया था। कहा कि रोजाना दोनों बेटों से वीडियो काल में बात की जा रही है। वह वहां सुरक्षित हैं और वहां की खबरें भी मुझे बताते रहते हैं। कहा कि दोनों बच्चों की खैरियत के लिए वह भगवान से दुआ मांग रहे हैं।

इधर, हल्दूचौड़ निवासी संजय उप्रेती के बड़े भाई ने बताया कि संजय तीन साल से दुबई में रहकर एक कंपनी में कार्यरत है। उसने यहां से पालिटेक्निक किया था। इसके बाद वह दुबई नौकरी करने चले गया था। एक कंपनी में वह शिफ्ट इंचार्ज है।

वहीं हल्द्वानी के खंड विकास अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक गौलापार किशनपुर निवासी कैलाश पांडे अबू धाबी, धौलाखेड़ा अर्जुनपुर निवासी अभिनव सिंह अबू धाबी, चौसला निवासी नंदन सिंह दो साल से साउथ अफ्रीका, पदमपुर देवलिया निवासी लोकेश लोशाली, देवलचौड़ बंदोबस्ती निवासी करन सिंह नेगी कुवैत में रह रहे हैं।