रुद्रपुर। भूतबंगला में होली पर डीजे में नाच रहे युवकों की दूसरे समुदाय के युवकों से विवाद हो गया। इस दौरान उनके बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ। जिससे दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए।
इस मामले में एक पक्ष के लोग जब रम्पुरा चौकी शिकायत करने पहुंचे तो सिविल ड्रेस में तैनात एक कांस्टेबल ने महिला को डांट दिया।
इससे भड़के लोगों ने सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिस कर्मी पर जूता मारने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा काटा। बाद में मौके पर पहुंचे कोतवाल के समझाने के बाद मामला शांत हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गुरुवार रात भूतबंगला में कुछ लोग डीजे पर होली खेल रहे थे। इसी बीच भूतबंगला निवासी ई-रिक्शा चालक गुलजार वहां से जा रहा था। बताया जा रहा है कि इस दौरान उस पर कुछ रंग गिर गया। जिसके बाद उनके बीच वहां पर विवाद हो गया। बाद में गुलजार वहां से चला गया और अपने साथियों को मामले की जानकारी दी। इससे भड़के दूसरे समुदाय के लोग वहां पहुंच गए और उनके बीच मारपीट हो गई।

देखते ही देखते दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर ईंट और पत्थर से पथराव कर दिया। जिससे दोनों पक्षों के जुबैर पुत्र शकील, अजय पुत्र राम चंद्र, साहिल पुत्र छोटे और महेंद्र पुत्र मुन्नी लाल घायल हो गए। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इस पर किसी ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया। इधर, होली खेल रहे लोग दूसरे समुदाय के लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर रम्पुरा चौकी पहुंच गए और हंगामा काटने लगे।
जहां भूतबंगला निवासी आरती पत्नी विनोद कुमार ने बताया कि जब वह शिकायत करने रम्पुरा चौकी पहुंचे तो वहां सिविल ड्रेस में मौजूद पुलिस कर्मी ने उसे देखकर जूता निकालकर मारा। जबकि पास में ही पुलिस की ड्रेस में मौजूद पुलिस कर्मी ने बीच बचाव कराया। उन्होंने आरोपित पुलिस कर्मी पर कार्रवाई की मांग की। रम्पुरा चौकी में हंगामे की सूचना पर पहुंचे कोतवाल मनोज रतूड़ी ने जानकारी ली और समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि जूता मारने वाला महिला के आरोप झूठे हैं, पुलिस कर्मी ने डांट दिया था। मारपीट मामले में तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।
लेटेस्ट न्यूज़ अपडेट के लिए -
www.devbhumionline.com
