हल्द्वानी में संसाधनों की कमी के बावजूद आबकारी विभाग की सख्ती जारी, कार्रवाई के आंकड़े चौंकाने वाले

खबर शेयर करें 👉


हल्द्वानी। नैनीताल जनपद के हल्द्वानी सर्कल में आबकारी विभाग सीमित स्टाफ और वाहन जैसी बुनियादी सुविधाओं के अभाव के बावजूद अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। बड़े क्षेत्रफल और बढ़ती जिम्मेदारियों के बीच विभाग की सक्रियता ने एक बार फिर ध्यान खींचा है।


सूत्रों के मुताबिक, सर्कल में स्वीकृत नौ पदों के सापेक्ष मात्र पांच कर्मचारी तैनात हैं। विभाग के पास अपना वाहन भी उपलब्ध नहीं है, जिससे छापेमारी और जांच कार्य प्रभावित होते हैं। न्यायालय संबंधी कार्यों और दफ्तर के लिपिकीय कामकाज के लिए अलग से कर्मचारी न होने के कारण मौजूदा स्टाफ पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।


व्यापक क्षेत्र में जिम्मेदारी
हल्द्वानी सर्कल के दायरे में काठगोदाम, चोरगलिया, मुखानी, लालकुआं और बनभूलपुरा जैसे प्रमुख थाना क्षेत्र आते हैं। यहां मदिरा दुकानों की जांच, लाइसेंस नवीनीकरण, एफएल-2 व सीएल-2 निकासी, शिकायतों पर कार्रवाई, जब्त शराब की सैंपलिंग और न्यायालयी प्रक्रिया जैसी जिम्मेदारियां एक साथ निभानी पड़ती हैं।


कार्रवाई के बढ़ते आंकड़े
आबकारी निरीक्षक धीरेंद्र बिष्ट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2024-25 में 55 मामलों में कार्रवाई करते हुए 1378.75 बल्क लीटर शराब बरामद की गई थी और तीन दुपहिया वाहन जब्त किए गए थे।
वहीं जनवरी 2026 तक चालू वित्तीय वर्ष में 70 प्रकरण दर्ज कर 1550 बल्क लीटर से अधिक शराब जब्त की जा चुकी है तथा चार दुपहिया वाहन सीज किए गए हैं। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में अधिक है, जिससे विभाग की सक्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।


संसाधनों की मांग
निरीक्षक का कहना है कि स्टाफ और वाहन की कमी को लेकर उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। विभाग को उम्मीद है कि जल्द अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे कार्रवाई और अधिक प्रभावी हो सकेगी।


व्यवस्था पर सवाल
एक ओर जहां अन्य विभागों के पास पर्याप्त वाहन और बल उपलब्ध है, वहीं राजस्व संग्रह में अहम भूमिका निभाने वाला आबकारी विभाग सीमित संसाधनों में काम कर रहा है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या इतने बड़े क्षेत्र में प्रभावी निगरानी के लिए मौजूदा व्यवस्था पर्याप्त है।
इसके बावजूद हल्द्वानी सर्कल की टीम अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रखे हुए है, जो विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।